- 10 दिन में दाखिल होगा आरोप पत्र, त्वरित ट्रायल से पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाने की तैयारी
- 26 नवंबर की रात दोस्तों ने ही बुलाकर की थी हत्या, सीसी कैमरा व सर्विलांस से तीन दिन में खुला था राज
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। चर्चित अंबुज मणि हत्याकांड में अब न्यायिक प्रक्रिया को तेज करने की दिशा में पुलिस ने कदम बढ़ा दिए हैं। तिवारीपुर पुलिस मामले का विचारण फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने के लिए रिपोर्ट भेजने की तैयारी कर रही है। इसके साथ ही हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस प्रकरण की विवेचना अंतिम चरण में है और आगामी 10 दिनों के भीतर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया जाएगा। पुलिस की मंशा है कि मामले का त्वरित ट्रायल हो, जिससे पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके।
यह सनसनीखेज घटना 26 नवंबर की रात की है। सूर्य विहार निवासी अंबुज मणि को उसके ही दोस्त घर से बुलाकर ले गए थे। रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई और शव को महराजगंज जिले में ले जाकर ठिकाने लगा दिया गया था।
तिवारीपुर थाना पुलिस ने सर्विलांस और सीसीटीवी कैमरा फुटेज की मदद से तीन दिन के भीतर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। जांच के दौरान अंबुज के दोस्त आयुष और करीनगर निवासी सदरे आलम को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भिजवा दिया। वहीं, मुख्य आरोपी करीमनगर निवासी बिट्टू उर्फ असद को रविवार की सुबह गिरफ्तार किया गया, जिसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और डंडा भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि आरोपी एक संगठित गिरोह के तौर पर इस वारदात को अंजाम दे रहे थे। इसी आधार पर अब उनके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले में अभियोजन की मजबूती से पैरवी करेगी। गवाहों की सुरक्षा, साक्ष्यों को मजबूत करने और समयबद्ध कार्रवाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि न्याय प्रक्रिया में किसी प्रकार की ढिलाई न हो।