गोरखपुर। बिजली निगम भटहट और चौरीचौरा के शत्रुघ्नपुर बिजली घर की क्षमता वृद्धि करने की योजना बना रहा है। इसके लिए मुख्यालय से स्वीकृति भी मिल गई है। दोनों बिजली घरों से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के करीब 15 उपकेंद्रों को बिजली दी जाती है। इन उपकेंद्रों से करीब दो लाख उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जाती है। क्षमता वृद्धि से क्षेत्र के उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज और निर्बाध बिजली मिलेगी।
बता दें कि 132 केवी भटहट बिजली घर से बीआरडी मेडिकल कॉलेज, पादरी बाजार, राप्ती नगर, शाहपुर, खुटहन और आयुष विश्वविद्यालय उपकेंद्र को बिजली दी जाती है वहीं 132 केवी शत्रुघ्नपुर बिजली घर से सरदार नगर, सरदार नगर इंडस्ट्रियल, चौरी-चौरा, मुंडेरा बाजार, पालिपा, राजधानी, मोतीराम अड्डा, नइयापार और 400 केवी मोतीराम को बिजली दी जाती है। वर्तमान में दोनों बिजली घरों की क्षमता 80-80 एमवीए है। बिजली निगम दोनों बिजली घरों में 40-40 एमवीए के एक-एक नए पावर ट्रांसफार्मर लगाए जाएगें। दोनों बिजली घरों की क्षमता वृद्धि के लिए बिजली निगम करीब 5.5 करोड़ रुपए खर्च करेगा। बिजली घरों की क्षमता वृद्धि से शहर और ग्रामीण के करीब दो लाख उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।
132 केवी भटहट और 132 केवी शत्रुघ्नपुर बिजली घर की क्षमता वृद्धि की जानी है। जिसके लिए दोनों बिजली घरों में 40-40 एमवीए के एक-एक पावर ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इसके लिए कार्य किया जा रहा है।
-अखिलेश कुमार यादव, अधिशासी अभियंता, पारेषण