सिकरीगंज। बेलघाट थाना क्षेत्र के कम्हरिया घाट स्थित सरयू नदी में चार-पांच दिन से लापता युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। रविवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक की पहचान टिकुलिया डाड़ निवासी नवी मोहम्मद (40) के रूप में हुई है जो पिछले चार-पांच दिनों से लापता था।
परिवारवालों के अनुसार, नवी मोहम्मद की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी और वह कुछ समय से अस्वस्थ भी चल रहा था। घर से अचानक गायब होने के बाद परिवार के लोग उसकी लगातार तलाश कर रहे थे। बड़े भाई रफी मोहम्मद ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह कम्हरिया घाट पर ग्रामीणों ने सरयू नदी में एक शव उतराता देखा जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही बेलघाट पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। बाद में पुलिस शव को थाने लाई, जहां परिजनों ने उसकी पहचान नवी मोहम्मद के रूप में की। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है। थाना प्रभारी बेलघाट संदीप कुमार यादव और क्षेत्राधिकारी खजनी विवेक कुमार तिवारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। सीओ विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।