सहजनवां (गोरखपुर)। प्रतिभा, दृढ़ संकल्प और अनुशासन का प्रदर्शन करते हुए युवा जिम्नास्ट वैष्णवी मिश्रा ने प्रयागराज में आयोजित प्रतिष्ठित ऑल इंडिया नॉर्थ जोन जिम्नास्टिक्स कैंप में दूसरा स्थान प्राप्त किया। यह स्थान कैंप के दौरान आयोजित मॉडल प्रतियोगिताओं के परिणाम पर आधारित है।
वैष्णवी, सहजनवां नगर पंचायत वार्ड नं 14 लुचुई नई काॅलोनी निवासी कैप्टन ओम प्रकाश मिश्र की पौत्री हैं। वैष्णवी के माता-पिता लेफ्टिनेंट कर्नल कमलेश मिश्र और लेफ्टिनेंट कर्नल वंदना शुक्ला पटियाला में तैनात हैं।
विशेष कैंप में उत्तर भारत के 10 राज्यों के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों ने भाग लिया। केवल महिला आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स (सब जूनियर वर्ग) की चुनिंदा जिम्नास्ट को नवंबर 2024-25 के दौरान प्रयागराज में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्राप्त अंकों के आधार पर आमंत्रित किया गया था। कड़े मुकाबले के बीच वैष्णवी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खुद को देश की उभरती हुई प्रतिभाओं में स्थापित किया।
उनकी उपलब्धि का एक विशेष पहलू यह भी है कि वह पंजाब से चयनित होने वाली एकमात्र जिम्नास्ट थीं। उन्होंने राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और अपनी प्रतिभा से सभी का ध्यान आकर्षित किया। वर्तमान में वैष्णवी पटियाला में अभ्यास कर रही हैं।
वैष्णवी की यह सफलता केवल पंजाब के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे गोरखपुर और उत्तर प्रदेश क्षेत्र के लिए भी गर्व का विषय है, क्योंकि इस क्षेत्र की एक बेटी ने दूसरे राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। कैंप के दौरान उनके प्रदर्शन में सौम्यता, सटीकता, आत्मविश्वास और तकनीकी दक्षता का बेहतरीन संतुलन देखने को मिला।