नशीला पदार्थ सूंघाकर लूट ली रकम और मोबाइल फोन
तमकुहीराज। स्थानीय नगर पंचायत के प्राइमरी पाठशाला मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर अज्ञात व्यक्तियों पर नशीला पदार्थ सूंघाकर मोबाइल फोन और नगदी लूटने के बाद 12 किलोमीटर दूर ले जाकर झाड़ी में फेंकने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मुकामी पुलिस से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों पर करवाई की मांग की है।
गुरुवार को तमकुहीराज थाने की पुलिस को पत्र देकर शिवजी ने बताया कि बुधवार की देर शाम तमकुहीराज में डोल मेला लगा था। उसी दौरान वह सब्जी खरीदने के लिए मंडी में गए हुए थे। अचानक किसी ने उन्हें नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। देर रात में होश आया तो वह कस्बे से लगभग 12 किलोमीटर दूर गंडक नहर पर स्थित तिवारीपट्टी रेग्युलेटर के समीप झाड़ी में पड़े हुए थे।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि बेहोशी के दौरान बदमाशों ने उनकी जेब में रुखे 18 सौ रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया था। इस संबंध में थानाध्यक्ष तमकुहीराज अश्वनी कुमार राय का कहना है कि घटना की जानकारी मिली है। जांच की जा रही है।