गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में सत्र 2026-27 में स्नातक, परास्नातक और अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 25 मई निर्धारित है। इस तरह आवेदन के लिए अब दो दिन का समय शेष रह गया है।
प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा ने बताया कि डीडीयू प्रशासन की ओर से 25 अप्रैल को प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई थी। इस बार 77 पाठ्यक्रमों के लगभग 12 हजार सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा। इसके लिए प्रवेश पोर्टल dduguadmission.in पर ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरे जा रहे हैं।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने बताया कि लाइब्रेरी साइंस, पुरातत्व व विज्ञान संग्रहालय और फॉरेंसिक साइंस के पाठ्यक्रम शुरू करने की भी योजना है। एक जून को विद्या परिषद की बैठक प्रस्तावित की गई है। विद्या परिषद में इन पाठ्यक्रमों को मंजूरी मिलने पर इन पाठ्यक्रमों में भी प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
प्रवेश के लिए इस बार भी ''डीडीयूआरएन'' जरूरी
विश्वविद्यालय या संबद्ध कॉलेजों में प्रवेश के लिए सभी अभ्यर्थियों को डीडीयूआरएन (डीडीयू रजिस्ट्रेशन नंबर) जरूरी है। इसके लिए प्रवेश पोर्टल पर जाकर पंजीकरण कराना होगा। एक ही पंजीकरण संख्या से छात्र डीडीयू या कॉलेजों में आवेदन कर सकता है। इसके अलावा अभ्यर्थी इसके माध्यम से एक से अधिक पाठ्यक्रमों के लिए भी आवेदन कर सकते हैं।
डीडीयू में सीट वृद्धि से कॉलेजों पर असर की आशंका
गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय में स्नातक और परास्नातक में 20 से 30 प्रतिशत सीट वृद्धि का असर कॉलेजों के प्रवेश पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। ज्यादातर छात्रों की पहली पसंद विश्वविद्यालय परिसर होता है। डीडीयू में पिछली बार की तुलना में इस वर्ष लगभग तीन हजार से अधिक सीटों पर प्रवेश की तैयारी है। इसे देखते हुए कॉलेजों का मानना है कि इससे उनके प्रवेश पर फर्क पड़ेगा। इस संबंध में कुलपति प्रो. पूनम टंडन का कहना है कि विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ ही बिहार व नेपाल से भी छात्र आते हैं। बड़ी संख्या में छात्र प्रवेश से वंचित रह जाते हैं। उन छात्रों के लिए यह बेहतर अवसर होगा।