गोरखपुर। शहर में सड़क किनारे हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए व्यापक अभियान चलाया। यह अभियान यूनिवर्सिटी चौराहा से गणेश चौराहा और विजय चौक मार्ग तक चला, जिसमें सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।
अभियान के दौरान राजस्व विभाग, स्थानीय पुलिस, प्रवर्तन दल और जोन टीम की संयुक्त कार्रवाई में कुल 27,150 रुपये का चालान वसूला गया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को सख्त चेतावनी देते हुए भविष्य में अतिक्रमण न करने की हिदायत दी। इस विशेष अभियान में जोन सुपरवाइजर रामविजय, ईटीएफ के थापा, शुबहम तिवारी और लाइन पुलिस की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। अधिकारियों ने बताया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।