गोरखपुर। पांडेयहाता की जिस जमीन को लेकर दो व्यापारियों के बीच विवाद था, उसे प्रशासन ने सीज कर दिया। करोड़ों रुपये कीमत की जमीन पर कब्जा करने को लेकर एक वीडियो भी वायरल हो गया था, जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्ष को शांत कराया था। इस पूरे प्रकरण की जांच डीएम ने एडीएम को सौंपी थी। अब जमीन को जब्त करके तहसीलदार सदर को रिसीवर बनाया गया है। अगली सुनवाई 25 जुलाई को होनी है।
जानकारी के मुताबिक, पांडेयहाता में एक जमीन को लेकर चेंबर ऑफ इंस्टड्रीज के उपाध्यक्ष प्रवीण मोदी और सर्राफा व्यापारी प्रभाकर अग्रवाल के बीच में विवाद है। दोनों ही जमीन को अपना बताते हैं और लंबे समय से कोर्ट में भी विवाद चल रहा है। इसी बीच पिछले दिनों प्रभाकर अग्रवाल अपने साथियों के साथ पहुंच गए थे और वहां पर लगे ताला को तोड़कर अंदर जेसीबी लेकर पहुंचे थे, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। प्रवीण मोदी ने भी पुलिस को जानकारी दी थी। इस मामले का संज्ञान में लेकर डीएम ने पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए थे। अब उस विवादित जमीन को सीज कर दिया गया है।