अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। एम्स इलाके के महादेव झारखंडी टुकड़ा नंबर तीन के लेखपाल राजेश कुमार ने भू-माफिया से सांठगांठ कर सीलिंग की जमीन को बिकवा कर लोगों को कब्जा भी दिला दिया है। आरोप है कि लेखपाल ने गाटा संख्या में हेरफेर कर फर्जी दस्तावेज तैयार कराया फिर भू-माफिया की मदद से जमीन का बैनामा कर दिया गया। मोहल्ले के ही एक शख्स की शिकायत के बाद डीएम ने पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए थे।
अब ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के निर्देश पर एम्स थाने में लेखपाल राजेश कुमार व अज्ञात भू-माफिया के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों को कूटरचित दस्तावेत तैयार कर जालसाजी, सरकारी जमीन पर कब्जा कराने और साजिश रचने का आरोपी बनाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गायत्रीनगर झरना टोला निवासी अजय कुमार राय ने केस दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि लेखपाल ने गायत्रीनगर में स्थित सीलिंग व अन्य सरकारी जमीनों की गाटा संख्या में हेरफेर कर बेचवा दिया है। गाटा संख्या 103/12/7 को 103/12/4 दर्शा कर हेराफेरी की गई है। इसी तरह अन्य सरकारी जमीनों के भी फर्जी दस्तावेज तैयार कराए गए हैं। इसकी जानकारी उन्हें तब हुई, जब वह एक जमीन के सिलसिले में जानकारी जुटा रहे थे। पता चला कि जो दस्तावेज दिखाया जा रहा है, पूरी तरह से फर्जी है।
उनका आरोप है कि कई सरकारी व सीलिंग की भूमि का बैनामा कराकर भू-माफिया को कब्जा करा दिया गया है, जिससे सरकारी राजस्व को करोड़ों की क्षति हुई है। वर्तमान में भी यह करतूत जारी है। वहां पर कई मकान बन चुके है। इन जमीनों पर कई दुकानें खुल गई हैं। एम्स थाने की पुलिस लेखपाल राजेश कुमार पर केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है ।
इनसेट
प्रमुख सचिव तक की शिकायत
अजय कुमार राय बीते 27 मई 2023 से ही इस मामले को अफसरों के सामने उठा रहे हैं। उनका कहना है कि सरकारी जमीन के फर्जीवाड़े की शिकायत प्रमुख सचिव राजस्व, कमिश्नर, डीएम, एसएसपी व एसडीएम को पत्र भेजकर की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में डीएम से मुलाकात की तो उन्होंने जांच के निर्देश दिए।
वर्जन
तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कृष्ण कुमार बिश्नोई, एसपी सिटी