संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। लखनऊ में चल रही 72वीं नेशनल टाउन एंड कंट्री प्लानर्स कांफ्रेंस 2024 में गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने भी अपनी महत्वकांक्षी परियोजनाओं का प्रदर्शन किया है। ताकि परियोजनाओं के लिए निवेशक तलाश किए जा सके। शुक्रवार से शुरू हुए इस कांफ्रेंस का समापन रविवार को होगा।
प्राधिकरण के सचिव यूपी सिंह ने बताया कि यह नेशनल कांफ्रेंस उत्तर प्रदेश शासन द्वारा आयोजित की गई है। इस कांफ्रेंस में गोरखपुर विकास प्राधिकरण की परियोजनाओं एवं भविष्य की परियोजनाओं को शो केस किया गया है। इस कांफ्रेंस में भूमि मुद्रीकरण के जरिए योजनाओं के विकास एवं भविष्य की परियोजनाओं में संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया गया है। इस कांफ्रेंस में नगर नियोजक हितेश कुमार, सहायक अभियंता राज बहादुर, पीएमयू लीडर आदित्य नारायण एवं आर्किटेक्ट आकाश शामिल हैं। प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह ने बताया कि कांफ्रेंस में राप्तीनगर विस्तार टाउनशिप एवं स्पोर्ट्स सिटी परियोजना, खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी परियोजना, अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर एवं होटल निर्माण परियोजना, ग्रीनवुड आवासीय परियोजना, एकीकृत मण्डलीय कार्यालय परियोजना समेत कई परियोजनाओं को शो केस किया गया है।