गोरखपुर। नगर निगम ने अमवा स्थित एबीसी/एआरवी (पशु जन्म नियंत्रण व एंटी रैबीज वैक्सीनेशन) सेंटर को सुदृढ़ करने की तैयारी शुरू कर दी है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुपालन और शासन की सख्ती के बीच नगर निगम आवश्यक चिकित्सीय उपकरणों की खरीद के लिए अल्पकालीन ई-निविदा आमंत्रित कर रहा है। ई-निविदा दस्तावेज 26 दिसंबर से डाउनलोड किए जा सकेंगे, जबकि निविदा जमा करने की अंतिम तिथि एक जनवरी निर्धारित की गई है। तकनीकी प्रस्ताव दो जनवरी को पूर्वाह्न 11 बजे खोले जाएंगे। वित्तीय प्रस्ताव की तिथि बाद में घोषित होगी।
नगर निगम एबीसी सेंटर के लिए चार पोर्टेबल ओटी लाइट, चार पोर्टेबल मल्टीपैरामीटर पेशेंट मॉनिटर, 10 लीटर क्षमता के दो ऑक्सीजन सिलेंडर (उपकरण सहित) और एक पोर्टेबल वेटनरी अल्ट्रासाउंड मशीन खरीदेगा। अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने बताया कि इन उपकरणों से पशु उपचार सेवाएं और अधिक प्रभावी होंगी। साथ ही निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए जेनरेटर कनेक्शन भी जोड़ा जाएगा।