गोरखपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी के आरोप में दस लोगों को रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। तिवारीपुर, गोला, खजनी व गगहा पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
जानकारी के मुताबिक, गगहा पुलिस ने चोरी के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने डीजल इंजन, दो पंपिंग सेट बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अगलहवा निवासी सलमान, कोटिया निवासी हरेराम, पड़यिनिया निवासी सूरज यादव व रुद्रपुर निवासी गुलाब चंद के रूप में हुई है।
गोला पुलिस ने नंबर प्लेट बदलकर चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान वार्ड नंबर 18 निवासी सरोज आलम, कौड़ीराम निवासी राजकुमार साहनी, राजू के रूप में हुई है। आरोपियों से चोरी की बाइक पुलिस ने बरामद कर ली है।
खजनी पुलिस ने चोरी के जेनरेटर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मिश्रौलिया निवासी सत्येंद्र और पिछौरा निवासी अंकुल प्रजापति के रूप में हुई है।
तिवारीपुर पुलिस ने चोरी के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सिद्धार्थनगर के नौगढ़ निवासी सद्दाम अंसारी के रूप में हुई है। आरोपी के पास से पुलिस ने चोरी का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।