अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। महीने का अंतिम सप्ताह गर्म रहने की संभावना है। 28 फरवरी को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा। वहीं न्यूनतम तापमान भी 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इससे लोगों को मार्च के पहले सप्ताह में ही उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
शनिवार को दिन में हल्के बादल छाए रहने की वजह से धूप तो तीखी नहीं हुई, लेकिन दिन का औसत तापमान 25 डिग्री सेल्सियस बना रहा। रात का तापमान भी 13 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार रविवार को भी तापमान 25 डिग्री से ऊपर रहेगा। इसके बाद हर दिन अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी होगी।
-
मौसम के चलते बढ़े वायरल बुखार के मरीज
तापमान में लगातार उतार चढ़ाव के चलते बच्चों से लेकर बूढ़े तक बीमार पड़ने लगे हैं। शनिवार को जिला चिकित्सालय की ओपीडी में सर्दी, खांसी, बुखार, पेट दर्द के मरीजों की संख्या अधिक रही। जनरल फिजिशियन डॉ. बीके सुमन ने बताया कि हर तीसरा मरीज सर्दी-खांसी व पेट दर्द की समस्या से ग्रसित आ रहा है। यह सब मौसम के बदलाव का असर है।
बेतियाहाता के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. डीके सिंह ने बताया कि इस मौसम में पांच साल से कम उम्र के बच्चे अधिक बीमार हो रहे हैं। उन्हें सर्दी-जुकाम, कफ के साथ-साथ पेट दर्द की समस्या हो रही है।
इमरजेंसी वार्ड में बढ़ी भीड़
जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। सबसे अधिक रोगी पेट में दर्द और कफ के चलते सांस लेने में परेशानी के आ रहे हैं। मरीजों को गुनगुना पानी पीने और खुद को अभी ठंड से बचाने की सलाह दी जा रही है। इसके अलावा हल्का, सुपाच्य व गर्म भोजन करने की सलाह दी जा रही है।