गोरखपुर। भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए खबर राहत भरी है। मौसम विभाग ने 16 जून से हवा का रूख बदलने से बादल छाए रहने और बारिश की संभावना जताया है। बृहस्पतिवार को पांचवें दिन भी अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। जिससे तीखी धूप झुलसाने के साथ उमस भरी गर्मी सताती रही। न्यूनतम तापमान में भी दो दिन से बढ़ोत्तरी होने से रात में भी गर्मी सताने लगी है।
पिछले एक सप्ताह से पड़ रही भीषण गर्मी से जन जीवन व्यस्त हो गया है। रविवार से लगातार अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह तापमान जून में अबतक का सर्वाधिक होने से सबसे गर्म दिन रहा। जो सामान्य से 6.7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जिससे रात में भी लोगों को उमस भरी गर्मी सताती रही। यह सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्यिसयस अधिक है।
वायुमंडल में आद्रता का स्तर अधिकतम 76 और न्यूनतम 21 प्रतिशत दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अभी दो दिन ऐसा मौसम रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को अधिकतम तापमान 45 व न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि गर्म पछुआ हवाओं से आसमान साफ होने के कारण तीव्र और विकिरणीय ऊष्मन के कारण प्रचंड लू की स्थिति बनी हुई है। अभी 15 जून तक लू के चलते भीषण गर्मी की स्थिति बनी रहने की संभावना है। इसके बाद पूर्वी तराई क्षेत्र में हवा के पैटर्न में बदलाव होने तथा बादल छाने और संभावित बारिश के कारण पूर्वी तराई क्षेत्र में लू की स्थिति में 16 जून के बाद आंशिक कमी आने की संभावना है।
पिछले पांच दिन यह रही तापमान की स्थिति
09 जून- 43.0
10 जून- 43.1
11 जून- 43.8
12 जून- 43.2
13 जून- 43.9
18 जून तक मानसून के दस्तक देने की संभावना
मौसम विभाग से जुड़े विशेषज्ञों की माने तो मानसून अपने नियत समय से आगे बढ़ रहा है। वर्तमान में वह महाराष्ट्र से आगे बढ़ गया है। अगले 48 घंटे में मानसून के तेलगांना और छत्तीसगढ़ पहुंचने की संभावना है। वायुमंडलीय परिस्थिति में कोई खासा बदलाव नहीं आया तो 18 जून तक गोरखपुर में मानसून पहुंचने की संभावना है। वहीं पहले से 20 जून मानसून के दस्तक का समय निर्धारित किया गया है। यह दो दिन पहले और दो दिन बाद भी आ सकता है।