ब्रम्हपुर(गोरखपुर)। झंगहा थाना क्षेत्र के नई बाजार स्थित गैस एजेंसी के पास पेड़ से लटकता 17 वर्षीय किशोर का शव सोमवार को मिलने से इलाके में सनसनी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक की पहचान हरिलवा टोला निवासी आदित्य (17) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, आदित्य का परिवार मूल रूप से बस्ती के ग्राम गनेशपुर कैनपुरा का रहने वाला है, जो कुछ वर्ष पूर्व हरिलवा में जमीन लेकर रहने लगा था। मृतक की मां सुनीता ने बताया कि सोमवार सुबह आदित्य शराब के नशे में था और घर पर उनके तथा अपनी बहनों के साथ मारपीट कर रहा था।
इस दौरान वह बार-बार आत्महत्या की धमकी भी दे रहा था। सोमवार सुबह वह नई बाजार तक परिवार के साथ गया लेकिन अचानक कहीं चला गया। कुछ देर बाद सूचना मिली कि उसने पेड़ की डाल से फंदा लगाकर जान दे दी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुनीता अपने पति चंदन की मारपीट और प्रताड़ना से परेशान होकर कुछ समय पहले बच्चों के साथ बस्ती से गोरखपुर आ गई थीं।
यहां वह लोगों के घरों में काम कर परिवार का भरण-पोषण कर रही थीं और हाल ही में हरिलवा में टिनशेड डालकर रहने लगी थीं। रविवार को आदित्य घर लौटा था और उसी रात से विवाद शुरू हो गया था।