पीपीगंज थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रेमी ने उसे मिलने के लिए बुलाकर वारदात को अंजाम दिया। मंगलवार को हुई घटना की जानकारी बुधवार को परिजनों ने पुलिस को दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, 15 वर्षीय किशोरी का पिछले डेढ़ वर्ष से घर के पास के ही एक युवक से दोस्ती हो गई थी। दोनों के बीच होने वाली बातचीत की जानकारी परिजनों को होने पर भाई ने आपत्ति जताई थी, जिसके बाद बातचीत बंद हो गई थी। पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच फिर से बातचीत होने लगी थी।
मंगलवार की देर रात किशोरी, प्रेमी के बुलाने पर उससे मिलने चली गई। आरोप है कि युवक उसे अपने मामा के खाली घर में लेकर चला गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद किशोरी चुपचाप घर चली गई। बुधवार को इसकी जानकारी भाई को हुई, जिसके बाद वह किशोरी से घटना के बारे में पूछताछ की तो उसने आपबीती बताई।
इसके बाद परिजनों के साथ किशोरी थाने पहुंची और प्राथमिकी दर्ज कराई। किशोरी के भाई ने पहले सामूहिक दुष्कर्म की सूचना दे दी थी। बुधवार को थाने पर सूचना आते ही पुलिस सक्रिय हो गई और किशोरी का बयान दर्ज किया। किशोरी की मां ने आरोपी युवक के खिलाफ ही तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली।
किशोरी से दुष्कर्म की घटना में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है: ज्ञानेंद्र, एसपी नार्थ