गोरखपुर जिले के शाहपुर क्षेत्र की शताब्दीपुरम कॉलोनी में बृहस्पतिवार को टैंकर ने किशोरी को चपेट में ले लिया। रिश्तेदारों ने पुलिस को सूचना देने के बाद उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं टैंकर को भी कब्जे में ले लिया है।
कुशीनगर जिले के कप्तानगंज निवासी राकेश शर्मा की पुत्री रिमझिम (16) पिछले सप्ताह मामा के घर आई थी। मामा प्रदीप शर्मा शाहपुर के शताब्दीपुरम में किराए का कमरा लेकर रहते हैं। इसी मुहल्ले में उनका सैलून है। बृहस्पतिवार को रिमझिम को कप्तानगंज पहुंचाने के लिए दोपहर 12 बजे के करीब उसकी मामी ले जा रहीं थी।
अभी वे दोनों कुछ दूर पैदल गई थीं, इसी बीच अनियंत्रित टैंकर (शौचालय की टंकी सफाई करने वाली मशीन) ने चपेट में ले लिया। इससे किशोरी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। जानकारी पर मामा पहुंचे और पुलिस को सूचना देकर भांजी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।