एमएमएमयूटी का पांचवा दीक्षांत समारोह।
- फोटो : अमर उजाला।
मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का पांचवां दीक्षांत समारोह सोमवार को विश्वविद्यालय के बहुउद्देशीय हाल में प्रारंभ हुआ। समारोह के दौरान संबोधित करते हुए प्रौद्योगिकी शिक्षा राज्यमंत्री संदीप कुमार सिंह ने कहा कि उच्च शिक्षा का उद्देश्य ज्ञान व रोजगार प्राप्त करना नहीं बल्कि दुनिया में अपना अमूल्य योगदान देना है। प्रौद्योगिकी को और विकसित करने में अपनी ऊर्जा लगाएं।
उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि जो तकनीकी में उन्नत होगा, वही दुनिया पर राज करेगा। आज पूरी दुनिया तकनीकी पर आधारित हो गई है। विकसित भारत के सपनों को पूरा करना है या विश्व गुरु बनना है तो प्रौद्योगिकी क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ना होगा। यह जिम्मेदारी विद्यार्थियों के साथ गुरुजनों की भी है।
उन्होंने कहा कि पूर्वांचल की प्रतिभा को निखारने और विश्वविद्यालय को देश के महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए सजग रहना होगा। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आने वाले दिनों में कुलाधिपति और मुख्यमंत्री के निर्देशन में प्रशिक्षण कार्य व तकनीकी विश्वविद्यालय विश्व विख्यात बनेगा।
उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्राचीन भारत के गुरु शिष्य परंपरा 'दीक्षांत समारोह' गुरुजनों एवं शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण होता है। भावनात्मक समारोह में उपस्थित होकर उपाधि प्राप्त करने वाले छात्रों को उनके जीवन के लिए उनके महत्वपूर्ण भावनात्मक क्षण के लिए बधाई देता हूं। मुझे आप सबके बीच आकर इस कार्यक्रम का हिस्सा होने का सौभाग्य मिला, पूरे विश्वविद्यालय परिवार की ओर से अपनी ओर से हृदय से धन्यवाद ज्ञापित करता हूं। छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं।