गोरखपुर। महाराणा प्रताप पॉलिटेक्निक में उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर रविवार को दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने छात्रों को समावर्तन उपदेश देते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में तकनीकी शिक्षा की भूमिका महत्वपूर्ण है।
कुलपति ने कहा कि पॉलिटेक्निक शिक्षा केवल डिग्री नहीं बल्कि कौशल, व्यवहारिक ज्ञान और आत्मनिर्भरता प्रदान करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, गुणवत्ता और सुरक्षा को अपने कार्य का मूल मंत्र बनाते हुए तकनीकी दक्षता को राष्ट्र निर्माण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प में लगाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि जीवन में सफलता केवल नौकरी से नहीं बल्कि सतत सीखने, कार्य के प्रति निष्ठा और सामाजिक दायित्व निभाने से मिलती है। अध्यक्षीय राजेश मोहन सरकार एडवोकेट ने की। प्रधानाचार्य डॉ. अनिल प्रकाश सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में छात्रों ने तकनीकी मॉडलों की प्रदर्शनी लगाई, जिसका अतिथियों ने अवलोकन किया।
समारोह में दिव्यानंद शर्मा, मधुबाला यादव, गौरव वर्मा, पलक जायसवाल, विजेंद्र कुमार एवं प्रतीक उपाध्याय को गोल्ड मेडल प्रदान किए गए। समेकित रूप से सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले छात्र गौरव वर्मा को ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।