गोरखपुर। एमजी इंटर कॉलेज की मेजबानी में चल रही 70वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयी बास्केटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन बुधवार को अलग-अलग आयु वर्गों में क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर गोरखपुर, मेरठ और वाराणसी की टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।
अंडर-14 बालिका वर्ग में गोरखपुर ने लखनऊ को 21-8 से हराया। बनारस ने अलीगढ़ को 1-0 से शिकस्त दी। कस्तूरबा की टीम ने प्रयागराज को एकतरफा मुकाबले में 22-0 से पराजित किया, जबकि मेरठ ने आगरा को 19-12 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। अंडर-14 बालक वर्ग में बनारस ने अलीगढ़ को 21-7, मुरादाबाद ने लखनऊ को 15-11, मेरठ ने आगरा को 33-7 और गोरखपुर ने प्रयागराज को 28-14 से पराजित किया।
अंडर-17 बालिका वर्ग में मेरठ ने मुरादाबाद को 29-2, प्रयागराज ने मिर्जापुर को 24-1, गोरखपुर ने लखनऊ को 19-3 और बनारस ने आगरा को 22-4 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं अंडर-17 बालक वर्ग में गोरखपुर ने कानपुर को 40-5, बनारस ने अलीगढ़ को 36-10, मुरादाबाद ने लखनऊ को 20-16 और मेरठ ने आगरा को 33-22 से हराया। प्रतियोगिता के दौरान बस्ती के क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी राजेश कुमार सोनकर और पूर्व अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी दिलीप कुमार ने गोरखपुर और कानपुर मंडल की टीमों से परिचय प्राप्त किया।