-अमर उजाला में खबर प्रकाशित के बाद जिम्मेदार हुए गंभीर
संवाद न्यूज एजेंसी
निचलौल। भारत-नेपाल सरहद से सटे बहुआर कला गांव स्थित सरकारी सस्ते गल्ले (कोटे) की दुकानदार की मनमानी से परेशान राशनकार्ड धारकों ने बृहस्पतिवार रात हंगामा किया। इस मामले में अमर उजाला ने 22 जून को ''रात में राशन वितरण... ई-पास मशीन लॉक होने पर किया हंगामा'' नामक शीर्षक से खबर प्रकाशित की। इसके बाद विभाग के जिम्मेदारों में हड़कंप मच गया। जिम्मेदार शनिवार को कोटे की दुकान पर पहुंचे और जांच पड़ताल में जुट गए। टीम ने राशनकार्ड धारकों से पूछताछ करने के साथ ही कई बिंदुओं पर जांच की।
जांच करने पहुंचे आपूर्ति निरीक्षक इंद्रभान ने कहा कि सूचना मिली है, कि सरकारी सस्ते गल्ले के दुकानदार की ओर से राशन विवरण और फिंगर लगवाने में मनमानी की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि दुकानदार राशन वितरण के लिए समय से फिंगर नहीं लगवाते हैं। न ही उन्हें समय से राशन दिया जाता है। इतना ही नहीं दुकानदार डिजिटल मशीन होने के बाद भी राशन वितरण के दौरान घटतौली करते हैं। विरोध करने पर उनके साथ दुर्व्यवहार भी करते हैं।
उक्त मामले में कई बिंदुओं पर जांच की गई है। मौके पर राशन कार्ड धारकों से उनका बयान भी दर्ज कराया गया है। हालांकि दुकान पर जांच टीम के पहुंचने की सूचना पर दुकानदार सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान छोड़ भाग निकले थे। मामले में आगे की कार्रवाई के लिए जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।