गोरखपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) सभी स्कूलों के कक्षा 6 से 10 तक के बच्चों को आपदाओं की अवधारणा, उनके कारणों, शमन उपायों के बारे में शिक्षित करेगा। इससे पहले स्कूलों के शिक्षकों का आपदा से संबंधित प्रशिक्षण बोर्ड द्वारा कराया जाएगा। ताकि प्रशिक्षण प्राप्त कर शिक्षक कक्षा में छात्रों को आपदा और उससे निपटने के लिए जागरूक कर सकें।
बोर्ड द्वारा दो दिन वेबिनार के माध्यम से शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। 29 अप्रैल को कक्षा 6 से 10 वीं तक के सामाजिक विज्ञान और गणित के शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसी तरह 30 अप्रैल को विज्ञान, हिंदी और अंग्रेजी के शिक्षकों को वेबिनार के माध्यम से
प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए स्कूलों को एक पत्र भी भेजा गया है। प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए हर हाल में 21 अप्रैल तक शिक्षकों को पंजीकरण कराना होगा। यह प्रशिक्षण बोर्ड द्वारा निशुल्क आयोजित किया जा रहा है।
स्कूल प्रिंसिपल की मानें तो आपदा प्रबंधन कई वर्षों से सीबीएसई पाठ्यक्रम का हिस्सा रहा है, लेकिन समय की मांग है कि पाठ्यक्रम में विभिन्न विषयों के साथ आपदा जोखिम न्यूनीकरण (डीआरआर) की नवीनतम अवधारणा को एकीकृत किया जाए।
आरपीएम एकेडमी के प्रबंधक अजय शाही ने बताया कि आपदाओं का किसी व्यक्ति की भावनाओं पर गहरा प्रभाव पड़ता है, इसलिए यह पाठ्यक्रम बच्चों को प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करने के तंत्र और दृष्टिकोण पर जोर देगा। इससे बच्चे हर स्थित का सामना करने के लिए तैयार रहेंगे। वह कभी परेशान नहीं होंगे। स्कूल में पत्र आने के बाद शिक्षक पंजीकरण करा रहे हैं। यह बोर्ड की तरफ से अच्छी पहल है।