पुरानी पेंशन बहाली समेत 16 सूत्री मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश शिक्षक महासंघ के बैनर तले शिक्षकों का प्रदर्शन मंगलवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर होगा।
आंदोलन की तैयारी को लेकर सोमवार को बैठक का आयोजन हुआ। प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष भक्तराज राम त्रिपाठी ने कहा कि उपमुख्यमंत्री और मुख्यमंत्री से वार्ता के बाद भी मांगें पूरी नहीं हुई हैं। जिसके बाद शिक्षक काली पट्टी बांधकर विद्यालयों में पठन पाठन करा रहे हैं। आंदोलन की अगली कड़ी में मंगलवार को विद्यालयों से सामूहिक अवकाश लेकर प्रदर्शन किया जाए।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. दिग्विजयनाथ पांडेय ने कहा कि सरकार लगातार शिक्षक हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने शिक्षकों से प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया है। बैठक में प्रदेश मंत्री राजेश धर दुबे, जिला मंत्री श्रीधर मिश्र, श्याम नारायण सिंह, मंडलीय मंत्री ज्ञानेश राय, कोषाध्यक्ष सुधांशु मोहन सिंह, कोषाध्यक्ष देवनाथ राय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरेंद्र राय, ज्ञानेंद्र ओझा आदि मौजूद रहे।