शिक्षक एमएलसी चुनाव में मतदान के लिए लाइन में लगे शिक्षक
- फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे से शुरू हुआ मतदान चार बजे समाप्त हो गया। इस चुनाव में 17 जिलों के 200 मतदान केंद्रों पर शिक्षक मतदाताओें ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान केंद्रों पर कर्मचारी व्यवस्थाएं संभालने में जुटे रहे। शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सभी जगहों से मतदान शांतिपूर्ण माहौल में समाप्त होने की सूचना है।
79.01 फीसदी हुआ मतदान
चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़े के अनुसार, कुल 79.01 फीसदी मतदान हुआ। मतदान शांतिपूर्वक एवं सुचारु रूप से संपन्न हुआ।
गोरखपुर में भिड़े सपा प्रत्याशी और भाजपा समर्थक
गोरखपुर में मतदान के दौरान सपा प्रत्याशी डॉ. संजय त्रिपाठी के बाइट देने को लेकर भाजपा समर्थकों से नोकझोंक हो गई। भाजपा मंडल प्रभारी आशीष गुप्ता ने मतदान केंद्र परिसर के अंदर सपा प्रत्याशी के बयान देने पर विरोध जताया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इससे कुछ देर के लिए वहां माहौल गरमा गया।