गोरखपुर जिले में फर्जी अंकपत्र पर नौकरी के मामले में बीएसए ने एक शिक्षक को बर्खास्त कर दिया है। उन पर विशिष्ट बीटीसी 2004 चयन के समय फर्जी अंक पत्र तैयार कर नौकरी हासिल करने का आरोप है। खजनी ब्लाॅक के प्राथमिक विद्यालय गोपीपुर में तैनात प्रधानाध्यापक के विरुद्ध शिकायत पर जांच के बाद कार्रवाई की गई है।
खजनी ब्लाॅक के पतिसा गांव निवासी अखिलेश कुमार ने 18 जुलाई 2017 को बीएसए कार्यालय में फर्जी अंकपत्र पर नौकरी हासिल करने की शिकायत की। जिसके बाद बीएसए ने नोटिस जारी करते हुए शिक्षक फूलचंद को फोटो युक्त नोटरी शपथ पत्र व समस्त शैक्षिक अभिलेखों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद बीएसए ने वेतन रोका और फिर जांच के बाद निलंबित कर विद्यालय से संबद्ध कर दिया। मामले की जांच खंड शिक्षाधिकारी को सौंप दी।
बीएसए रमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि संबंधित शिक्षक के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई करते हुए नियुक्ति निरस्त कर बर्खास्त कर दिया गया। आगे भी यदि काेई ऐसा मामला संज्ञान में आता है तो संबंधित के विरुद्ध बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी।