संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलाें में जुलाई में हुए विभिन्न औचक निरीक्षणों में 64 शिक्षक व कर्मचारी अनुपस्थित रहे। इन्होंने न तो ऑनलाइन छुट्टी ली थी और न ही अफसरों को कोई सूचना दी। बीएसए ने इन अनुपस्थित शिक्षकों व कर्मचारियों का अनुपस्थिति वाले दिन के वेतन की कटौती का आदेश दिया है। खंड शिक्षाधिकारियों से एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
ग्रीष्मावकाश खत्म होने के साथ ही बेसिक शिक्षा विभाग ने स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं व शिक्षकों-कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने को लेकर स्कूलों का औचक निरीक्षण शुरू किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्कूलों में प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक, शिक्षामित्र, अनुदेशक व अनुचर समेत कुल 64 गैरहाजिर मिले। इनमें सर्वाधिक 11 कैंपियरगंज व कौड़ीराम ब्लाक के 10 शिक्षक-कर्मचारी शामिल रहे।
बीएसए रमेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि बार-बार निर्देश के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। अब लापरवाह शिक्षकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।