दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय स्थित केंद्र में बीएड की सेमेस्टर परीक्षाओं में शिक्षक ड्यूटी करने नहीं पहुंच रहे हैं। लिपिक व संविदा कर्मचारियों की मदद से परीक्षाएं कराई जा रही हैं। वहीं, कमरों में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगने से परीक्षा की ऑनलाइन मॉनीटरिंग भी नहीं हो पा रही है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी डिग्री कॉलेजों में परीक्षा के पूर्व सीसीटीपी कैमरे को दुरुस्त कराने की चेतावनी दी थी। डिग्री कॉलेजों में व्यवस्था तो ठीक हो गई लेकिन, विवि अपने ही शिक्षा संकाय में व्यवस्था कराना भूल गया। इसी बीच संकायवार परीक्षा कराने का निर्णय ले लिया गया।
पहले ही दिन परीक्षा समय से शुरू नहीं होने पर छात्रों ने हंगामा किया था। अब शिक्षकों के ड्यूटी पर नहीं आने से दिक्कत बढ़ गई है। केंद्राध्यक्ष की शिकायत पर परीक्षा नियंत्रक ने तीन बार विभागाध्यक्षों को पत्र लिखकर शिक्षकों को भेजने के लिए कहा है। पत्र में कुलपति की नाराजगी का भी जिक्र है, लेकिन शिक्षकों पर कोई असर नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, 24 फरवरी को 15 शिक्षक ड्यूटी करने नहीं पहुंचे। इसी प्रकार 21 फरवरी की परीक्षा में प्रथम पॉली में 23 की जगह आठ और दूसरी पॉली में 29 की जगह नौ शिक्षकों ने ही ड्यूटी की। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि विभागाध्यक्षों को फिर पत्र लिखा गया है। पहले से अब ज्यादा संख्या में शिक्षक ड्यूटी करने पहुंच रहे हैं।
चार छात्राएं रस्टीकेट
बीएड प्रथम सेमेस्टर में अनुचित साधनों का प्रयोग करती चार छात्राएं पकड़ी गईं। केंद्राध्यक्ष ने चारों को रस्टीकेट कर दिया। शनिवार की परीक्षा में भी निगरानी तेज करने की तैयारी की गई है।