शिकायत सुनने से पहले जनता को चाय पिलाते अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला।
सुनने और जानने में थोड़ा अटपटा जरूर लगेगा, पर अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में शिकायत करने वाले अथवा आने वाले आगंतुकों की समस्या सुनने से पहले कुल्हड़ में चाय देने का अभिनव प्रयोग शुरू किया है।
अमूमन सरकारी कार्यालयों में शिकायत लेकर पहुंचने वाले फरियादियों अथवा आगंतुकों को ठंडक में चाय और गर्मी में शीतल पेयजल देने की रिवाज न के बराबर है। इसके ठीक उलट विकास भवन स्थित अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने एक अभिनव पहल की है।
उनके दफ्तर के कक्ष में आने वाले शिकायतकर्ता हो अथवा आगंतुक हों, सभी को उनकी समस्या सुनने से पहले उन्हें चाय पिलाने की पहल शुरू की है। चाय कागज के गिलास या प्याली में नहीं, बल्कि मिट्टी के बने कुल्हड़ में दिया जाता है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विजय प्रताप यादव ने बताया कि किसी सरकारी दफ्तर में मिट्टी की इज्जत देखने को नहीं मिलती। शायद दुनिया में इसका विकल्प नहीं है। गर्मी के दिनों में शीतल पेयजल भी मुहैय्या कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि आफिस आने वालों का प्रार्थनापत्र चाय के साथ ली जाती है, ताकि उन्हें एहसास हो कि उनकी तकलीफों का यहां निदान किया जाएगा।