गोरखपुर। क्षय रोग (टीबी) के मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। एम्स में टीबी की जांच और उपचार को अधिक प्रभावी बनाने के लिए अत्याधुनिक एमजीआईटी-960 मशीन स्थापित की गई है। इस मशीन की मदद से टीबी बैक्टीरिया की पहचान और दवा प्रतिरोधी टीबी की जांच पहले की तुलना में कहीं अधिक तेजी और सटीकता से की जा सकेगी।
विशेषज्ञों के अनुसार पारंपरिक कल्चर जांच में जहां टीबी बैक्टीरिया की पहचान और दवा संवेदनशीलता परीक्षण में काफी समय लगता था, वहीं नई मशीन जांच प्रक्रिया को तेज कर देगी। खासकर मल्टी-ड्रग रेजिस्टेंट (एमडीआर) टीबी के मामलों में यह तकनीक बेहद उपयोगी साबित होगी। अब जिन जांचों में पहले 10 से 15 दिन लगते थे, उनकी रिपोर्ट छह से सात दिनों के भीतर उपलब्ध हो सकेगी।
एम्स प्रशासन के अनुसार एमजीआईटी-960 मशीन टीबी बैक्टीरिया पर विभिन्न दवाओं की प्रभावशीलता और संवेदनशीलता का भी आकलन करेगी। इससे चिकित्सकों को मरीज के लिए सही दवा और उपचार योजना तय करने में मदद मिलेगी। समय पर बीमारी की पहचान होने से संक्रमण के प्रसार को रोकने में भी सहायता मिलेगी।
मशीन की एक अन्य विशेषता इसकी उच्च क्षमता है। यह एक साथ 960 कल्चर ट्यूब की जांच करने में सक्षम है, जिससे बड़ी संख्या में मरीजों के नमूनों की जांच कम समय में की जा सकेगी। इससे जांच प्रक्रिया में तेजी आएगी और मरीजों को रिपोर्ट के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
मीडिया प्रभारी डॉ. अरूप मोहंती ने बताया कि नई तकनीक के जरिए दवा प्रतिरोधी टीबी की पहचान शीघ्रता से संभव होगी। इससे गंभीर मरीजों का उपचार समय रहते शुरू किया जा सकेगा और संक्रमण फैलने की आशंका भी कम होगी।
एम्स की कार्यकारी निदेशक सेवानिवृत्त मेजर जनरल डॉ. विभा दत्ता ने कहा कि संस्थान में लगातार आधुनिक चिकित्सा उपकरणों को शामिल किया जा रहा है। एमजीआईटी-960 मशीन के शुरू होने से टीबी रोगियों को अधिक सटीक, विश्वसनीय और त्वरित जांच सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल पूर्वांचल सहित आसपास के क्षेत्रों में टीबी नियंत्रण अभियान को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।