गोरखपुर। कुसम्ही स्थित क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए टी-20 के रोमांचक मुकाबले में हॉक स्पोर्ट्स ने नीना थापा क्रिकेट एकेडमी को सात रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हॉक स्पोर्ट्स ने 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 200 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और शुरुआती विकेट जल्दी गिर गए, लेकिन इसके बाद कप्तान अनुराग यादव ने जिम्मेदारी संभालते हुए 39 गेंदों में 77 रन की शानदार पारी खेली। इस पारी में आठ चौके और चार छक्के शामिल रहे।
सचिन पाल ने तेज शुरुआत देते हुए 18 गेंदों पर 38 रन बनाए, जबकि आयुष शर्मा ने 28 और आर्यन निषाद ने 19 रन का योगदान दिया। टीम को 9 अतिरिक्त रन भी मिले। नीना थापा क्रिकेट एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में शिवम् मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट झटके। अमान शाह और अनमोल सिंह को 2-2 विकेट मिले, जबकि रजत श्रीवास्तव ने एक विकेट हासिल किया।
200 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीना थापा क्रिकेट एकेडमी की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन इसके बाद अमान शाह और रजत श्रीवास्तव ने शानदार साझेदारी कर टीम को मैच में बनाए रखा। अमान शाह ने 40 गेंदों में 92 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 8 छक्के शामिल थे। वहीं रजत श्रीवास्तव ने 54 गेंदों पर 67 रन बनाकर उनका अच्छा साथ निभाया।
दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई बड़ी साझेदारी ने मैच को रोमांचक बना दिया, लेकिन अहम समय पर अमान शाह का विकेट गिरना मैच का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ। इसके बाद टीम दबाव में आ गई और 20 ओवर में 6 विकेट पर 193 रन ही बना सकी। हॉक स्पोर्ट्स की ओर से कृष्ण मोहन सिंह ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट झटके। आरुष कुमार और सचिन पाल ने भी महत्वपूर्ण विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए अनुराग यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।