गोरखपुर। बांसगांव क्षेत्र के कार्तिकेय उर्फ शुभम हत्याकांड का पुलिस ने शनिवार को पर्दाफाश कर दिया। पुलिस के मुताबिक, पत्नी से संबंध होने के शक में उसके चचेरे भाई संतोष मिश्रा ने ही कार्तिकेय की हत्या की थी। संतोष करीब डेढ़ माह से हत्या का मौका तलाश रहा था।
15 सितंबर की रात भी वह हत्या के इरादे से कार्तिकेय के पास पहुंचा था लेकिन उसके करवट लेने पर लौट गया। अगले दिन 16 सितंबर की रात करीब एक बजे उसने बांका से कार्तिकेय के सिर और कान के पीछे ताबड़तोड़ चार वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल बांका, वारदात के समय पहनी गई रक्तरंजित बनियान और मोबाइल फोन बरामद किया है।
एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि वारदात के बाद कार्तिकेय के चचेरे भाई विवेकानंद मिश्र ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की तहरीर दी थी। पर्दाफाश के लिए एसओजी, एंटीथेफ्ट, स्वॉट और सर्विलांस समेत आठ टीमें लगाई गईं। टीमों ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और करीब 300 मोबाइल नंबरों के सीडीआर की पड़ताल की।
पुलिस का दावा है कि सीडीआर की जांच में संतोष, उसकी पत्नी और कार्तिकेय के बीच बातचीत होने की पुष्टि हुई। बाद में दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई थी। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।