29 अप्रैल को हुई थी युवती की शादी, ससुरालियों ने बहू के जरिए आत्मघाती कदम उठाने की बात कही, मायके वालों ने दहेज में बाइक न देने पर बेटी की हत्या किए जाने का मढ़ा आरोप।
संतकबीरनगर जिले के दुधारा क्षेत्र के करही गांव में बुधवार की रात एक विवाहिता की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। ससुराली जहां कमरे में दीवार पर रखे बांस में दुपट्टे के सहारे लटकर आत्महत्या कर लिए जाने की बात बताई। वहीं, मायके वालों ने दहेज के लिए बेटी की हत्या कर दिए जाने का आरोप मढ़ा। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर गुरुवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
सिद्धार्थनगर जिले के बांसी क्षेत्र के जिगिना बुजुर्ग निवासी बिरजू का आरोप है कि उनकी बेटी छाया की शादी 29 अप्रैल 2021 को राजकुमार पुत्र किशन निवासी करही थाना दुधारा के साथ हुई थी। शादी में ही बेटी विदा होकर ससुराल गई थी। बीच में दामाद और बेटी उसके घर आए थे।
आरोप है कि उन्होंने दहेज में गाड़ी देने की मांग की थी। लॉकडाउन का हवाला देकर बाद में गाड़ी देने का वादा किया था। राजकुमार उनकी बेटी छाया के साथ वापस अपने घर चले गए थे। बुधवार की रात बेटी की ससुराल से फोन आया कि बेटी ने आत्महत्या कर ली है। सूचना पर वह अपनी पत्नी के साथ बेटी के ससुराल गए।
विज्ञापन
आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर ससुरालवालों ने उनकी बेटी की हत्या कर दी है। जबकि ससुराल वाले बताए कि परिवार के लोग खेत में काम करने गए थे। देर शाम को लौटकर आए तो बहू का कमरा अंदर से बंद था। पहले फाटक खुलवाने के लिए आवाज दी लेकिन अंदर से कोई हरकत नहीं होने पर फाटक को तोड़ा गया।
अंदर दीवार पर रखे बांस में दुपट्टे के सहारे बहू की लटकती लाश मिली। बहू के जरिए आत्मघाती कदम उठाने की वजह ससुराल वाले नहीं बता पाए।
प्रभारी एसओ आनंद सिंह ने बताया कि नायब तहसीलदार की मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस मामले में पति राजकुमार, ससुर किशन और सास के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया।