- नंदानगर, बिछिया और नार्थ फीडर से जुड़े करीब आठ हजार घर अंधेरे में डूबे रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। मोहद्दीपुर बिजली घर का कंट्रोल पैनल में तकनीकी खराबी आने से रविवार की रात नंदानगर, बिछिया और नार्थ फीडर से जुड़े करीब आठ हजार घरों रात भर अंधेरे में डूबे रहे। बिजली सप्लाई ठप होने से लोग रात भर छत की दौड़ लगाते रहे। यहीं नहीं कई लोगों ने सड़कों पर टहल कर रात काटी। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्गों का गर्मी में हाल बेहाल रहा। बिजली सप्लाई कब बहाल होगी, इसके लिए उपभोक्ता बिजली अधिकारियों के पास कॉल करते रहे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बिजली कर्मचारियों को कंट्रोल पैनल दुरुस्त करने में 10 घंटे का समय लग गया। सोमवार सुबह 8:20 बजे सप्लाई बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
रविवार की रात करीब 10:30 बजे मोहद्दीपुर बिजली घर का कंट्रोल पैनल में तकनीकी खराबी आ आई। इसके चलते आठ हजार घरों की बिजली सप्लाई ठप हो गई। बिजली निगम के अफसर और कर्मचारियों ने कंट्रोल पैनल को दुरुस्त करने में जुट गए, पैनल को बनाने में सोमवार को सुबह के 8:20 बज गए। रात भर नंदानगर, बिछिया और नार्थ फीडर अंधेरे में डूबा रहा। इसके चलते लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। हालांकि, बिजली कब आएगी इसके लिए उपभोक्ता अफसरों के सीयूजी नंबर पर कॉल करते रहे, लेकिन कोई रिस्पांस नहीं मिला। कंट्रोल पैनल को दुरुस्त करने में बिजली कर्मचारियों को करीब 10 घंटे लग गए।
इसके साथ ही पादरी बाजार में बिजली की आवाजाही से लोगों को दिन-रात परेशानी हुई। साथ ही कुछ अन्य मोहल्लों में भी बिजली की आवाजाही रही। इसके साथ ही अधिशासी अभियंता लवलेश कुमार ने बताया कि मोहद्दीपुर उप केंद्र में विगत दिनों बिछिया के लोगों की ओर से उत्पात मचाने के मामले में बताया कि सोमवार को बिछिया में आपूर्ति दिन भर बहाल रही है। मामले में पुलिस दबिश देकर अपनी कार्रवाई कर रही है। मामला फिलहाल शांत है।
मोहद्दीपुर बिजली घर के कंट्रोल पैनल में तकनीकी खराब होने की वजह से दिक्कत आई। कई जगह फॉल्ट को दुरुस्त करने में काफी समय लग गया। सुबह 8:20 बजे सप्लाई बहाल कर दी गई।
-लवलेश कुमार, अधिशासी अभियंता मोहद्दीपुर