गोरखपुर। गोरक्ष क्रिकेट एकेडमी मैदान पर खेले गए इंटर क्लब क्रिकेट लीग (बी डिवीजन) के सुपर लीग मुकाबले में लुत्तुर क्रिकेट एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए केसीए ब्लू को 40 रन से हरा दिया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लुत्तुर क्रिकेट एकेडमी की शुरुआत संतुलित रही। सलामी बल्लेबाज रमेश ने 55 गेंदों में 8 चौके और दो छक्कों की मदद से 59 रन बनाकर टीम को मजबूत आधार दिया। दीपक कुमार ने 40 रन की उपयोगी पारी खेली। इसके अलावा आकाश प्रताप सिंह ने 13 रन बनाए, जबकि कप्तान प्रिंस सिंह ने नाबाद 25 रन बनाकर टीम का स्कोर 166 रन तक पहुंचाया।
केसीए ब्लू की ओर से शिवम शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए। साहिल पासवान ने दो विकेट झटके। 166 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केसीए ब्लू की शुरुआत खराब रही। कप्तान बिट्टू आठ और संदीप शर्मा नौ रन बनाकर पवेलियन लौट गए। मध्यक्रम में अर्पित पांडेय ने 93 गेंदों में 37 रन बनाकर संघर्ष किया।
आदित्य सिंह ने 18 और शिवम शर्मा ने 10 रन का योगदान दिया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। लुत्तुर क्रिकेट एकेडमी की ओर से कप्तान प्रिंस सिंह ने सात ओवर में 14 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। आकाश प्रताप सिंह ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए। सटीक गेंदबाजी के सामने केसीए ब्लू की पूरी टीम 126 रन पर ऑलआउट हो गई। प्रिंस सिंह को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।