यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने गोरखपुर से सियालदह के बीच एक जोड़ी समर स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार 03131/03132 नंबर की सियालदह-गोरखपुर-सियालदह साप्ताहिक स्पेशल एक्सप्रेस 17 अप्रैल से 27 जून के बीच 11 फेरों में चलाई जाएगी। इस ट्रेन में वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के छह, शयनयान श्रेणी के दस और साधारण द्वितीय श्रेणी के दो कोच लगाए जाएंगे।
- 03131 नंबर की सियालदह-गोरखपुर समर स्पेशल 17, 24 अप्रैल, 01, 08, 15, 22, 29 मई तथा 05, 12, 19 एवं 26 जून को प्रत्येक रविवार को रात 11.55 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, जसीडीह, हाजीपुर, छपरा, भटनी और देवरिया होते हुए दूसरे दिन शाम 05.30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
- 03132 नंबर की गोरखपुर-सियालदह ग्रीष्मकालीन समर स्पेशल 18, 25 अप्रैल, 02, 09, 16, 23, 30 मई तथा 06, 13, 20 एवं 27 जून को प्रत्येक सोमवार को शाम 07.05 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन देवरिया, भटनी, छपरा, हाजीपुर, बरौनी, जसीडीह के रास्ते दूसरे दिन दोपहर बाद 01.15 बजे सियालदह पहुंचेगी।
हिंदी के प्रचार प्रसार पर जोर
पूर्वोत्तर रेलवे विभागीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक गुरुवार को उप मुख्य विद्युत इंजीनियर कालोनी के कार्यालय में हुई। इस दौरान इंजीनियरों ने विभाग में हिंदी के प्रचार और प्रसार पर जोर दिया। इस मौके पर सौरभ चौधरी, अरषद मिर्जा, प्रशांत कुमार और नागेश्वर नाथ श्रीवास्तव आदि इंजीनियर मौजूद थे।
334 रेल कर्मियों को उत्कृष्ट सेवा पदक मिलेगा
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य सुरक्षा आयुक्त एवं उप महानिरीक्षक रफीक अहमद अंसारी और निरीक्षक दशरथ प्रसाद व सहायक उप निरीक्षक आदित्य प्रकाश सिंह सहित भारतीय रेलवे के अन्य जोन के कुल 334 रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कर्मियों को उत्कृष्ट सेवा पदक मिलेगा। इसके अलावा 125 रेलवे सुरक्षा विशेष बल (आरपीएसएफ) कर्मियों को भी सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार वर्ष 2020 के उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए सुरक्षाकर्मियों का चयन हुआ है।
निजी सफाईकर्मियों को मानदेय नहीं मिला
रेलवे स्टेशन पर तैनात प्राइवेट सफाईकर्मियों को मानदेय नहीं मिलने पर पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ (पीआरकेएस) ने नाराजगी जताई है। संघ के महामंत्री विनोद कुमार राय के अनुसार सफाईकर्मियों को पिछले आठ माह से मानदेय नहीं मिल रहा। कर्मचारी फर्म और स्टेशन के अधिकारियों से मानदेय की गुहार लगा रहे हैं लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं है। रेलवे प्रशासन भी आंख मूंदे हुए हैं। इसको लेकर कर्मचारियों में आक्रोश है। यथाशीघ्र मानदेय जारी नहीं हुआ तो संघ आंदोलन को बाध्य होगा।