राजस्थान के कोटा से लाए जा रहे जिले के विद्यार्थियों के रविवार की शाम तक गोरखपुर पहुंचने की उम्मीद है। इनकी संख्या तीन सौ से अधिक बताई जा रही है। जिला प्रशासन के पास भी अभी बसों और विद्यार्थियों की वास्तविक संख्या नहीं है इसलिए प्रशासन पांच सौ विद्यार्थियों का अनुमान लगाकर क्वारंटीन की व्यवस्था बना रहा है।
स्वास्थ्य परीक्षण में जो विद्यार्थी स्वस्थ पाए जाएंगे, उन्हें होम क्वारंटीन किया जाएगा, वहीं अगर किसी की तबियत खराब मिली या फिर किसी संक्रमित के संपर्क में आने की हिस्ट्री मिली तो उसे क्वारंटीन सेंटर में रखा जाएगा। जिला प्रशासन ने एहतियातन छात्रों के लिए गीडा क्षेत्र स्थित लिटिल फ्लावर और आईटीएम में क्वारंटीन सेंटर बनाने का निर्णय किया है जबकि छात्राओं के लिए पूर्वांचल डेंटर कॉलेज में व्यवस्था की जा रही है।
इसी तरह कोटा से बाहर के कोई विद्यार्थी गोरखपुर आते हैं तो उन्हें सहजनवां स्थित मुरारी इंटर कॉलेज समेत कुछ कॉलेजों में क्वारंटीन करने की व्यवस्था की जा रही है। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक के बाद डीएम के. विजयेंद्र पांडियन, एसएसपी डॉ. सुनील गुप्ता और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम सहजनवां अनुज मलिक ने इन कॉलेजों का निरीक्षण का वहां की व्यवस्था भी जांची।