स्कूली बच्चों ने सीखा आपदा से बचाव का तरीका
बांसी। एनडीआरएफ की टीम ने बुधवार को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बांसी में छात्राओं को आपदा से निपटने के लिए प्रशिक्षित किया। आपदा की स्थिति में बचाव के तरीके दिखाए गए। छात्राओं ने सवाल पूछकर भी अपनी जिज्ञासा शांत की।
प्रशिक्षण में एनडीआरएफ टीम ने भूकंप के दौरान अपने आपको और साथियों को बचाने व रोड एक्सीडेंट, चोट लगने पर प्राथमिक उपचार आदि के बारे में बताया। इसके अलावा सर्पदंश, भूकंप से निपटने के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान टीम कमांडर निरीक्षक सुधीर कुमार ने एनडीआरएफ के संरचना एवं कार्यशैली व आपदा प्रबंधन के विषय में विस्तार से जानकारी दी।
मास्टर प्रशिक्षकों ने भूकंप, भूस्खलन जैसी आपदाओं में घायल हुए व्यक्तियों को अस्पताल से पूर्व चिकित्सा के बारे में बताया। आपदा के दौरान या सामान्य जीवन में चोट लगने पर प्राथमिक उपचार जैसे ड्रेसिंग, बैंडेज, खून का बहाव रोकना, फ्रैक्चर को स्थायित्व प्रदान करना, जीवन रक्षक सीपीआर का प्रशिक्षण, घायल व्यक्ति को एंबुलेंस या हॉस्पिटल तक ले जाने के लिए घरेलू सामान से स्ट्रेचर बनाने का तरीका और दामिनी एप के बारे में जानकारी दी गर्ठ। इस दौरान प्रधानाचार्य कंचन, एसआई वीरेंद्र कुमार, एएसआई राजेश लाला, डॉ फूला देवी, शशिप्रभा, अनुपम पांडेय, स्नेहा श्रीवास्तव, सलाहकार आपदा प्रबंध अनुपम शेखर तिवारी मौजूद थे।