-डीडीयू के क्रीड़ा परिषद द्वारा आयोजित वार्षिक क्रीड़ा समारोह के दूसरे दिन 17 प्रतियोगिताएं आयोजित
-1500 मीटर दौड़ महिला, 10 हजार मी. दौड़ महिला व पुरुष दोनों में बने नए रिकॉर्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में चल रहे वार्षिक क्रीड़ा समारोह 2023-24 के दूसरे दिन कुल 17 प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। दूसरे दिन तीन नए रिकॉर्ड बने। तीनों ही रिकॉर्ड बहादुर यादव मेमोरियल पीजी कॉलेज, भटनी, देवरिया के विद्यार्थियों ने बनाए। प्रतियोगिता में 10000 मीटर दौड़ (पुरुष एवं महिला दोनों) तथा 1500 मीटर महिला दौड़ में नया विश्वविद्यालयी रिकॉर्ड बना।
10 हजार मीटर दौड़ पुरुष में बहादुर यादव मेमोरियल पीजी कॉलेज के शिवा कांदु ने 30:57.32 मिनट में दौड़ पूरी की। पिछला रिकॉर्ड 2016-17 में डीडीयू के वासुदेव निषाद के (31:23.00 मिनट) नाम था। दस हजार मीटर महिला दौड़ में भी बहादुर यादव मेमोरियल पीजी कॉलेज की रूबी कश्यप (35:50.21) ने बड़े अंतर से नया रिकॉर्ड बनाया। पिछला रिकॉर्ड गुरुकुल पीजी कॉलेज ददरी की फूलन पाल के नाथ था। उन्होंने वर्ष 2017-18 में 37:40.00 मिनट का रिकॉर्ड बनाया था।
महिलाओं के 1500 मीटर दौड़ में बीवाईएम पीजी कॉलेज की रंजना राजपूत (4:40.22) ने बड़े अंतर से नया विश्वविद्यालय रिकॉर्ड अपने नाम किया। पिछला रिकॉर्ड वर्ष 2017-18 में गुरुकुल पीजी कॉलेज की किरण चौहान (4:56.28) के नाम था।
डीडीयू के क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रो. विमलेश मिश्र ने बताया कि दस हजार मी. दौड़ में महिला व पुरुष दोनों वर्गों में दूसरे स्थान पर भी बीवाईएम कॉलेज के विद्यार्थियों क्रमश: रवि चौधरी और निशा ने प्राप्त किए। तीसरे स्थान पर बुद्ध पीजी कॉलेज, कुशीनगर की संजीदा खातून और राम रहस्य कॉलेज चौरीचौरा के संदीप रहे। छात्राओं की 1500 मीटर दौड़ में डीडीयू की खुशबू पांडेय द्वितीय व नेशनल पीजी कॉलेज, बड़हलगंज की मधुबाला यादव तृतीय रहीं।
छात्रों के 20 किमी वॉक में बीवाईएम पीजी कॉलेज, भटनी के विशाल बॉथम प्रथम, डीडीयू के प्रमेय राम त्रिपाठी द्वितीय व डीडीयू के ही सर्वेश चंद्र तृतीय रहे। छात्रों की 110 मी. बाधा दौड़ में बीवाईएम पीजी कॉलेज, भटनी के हैदर प्रथम, कल्पनाथ राय पीजी कॉलेज, भटनी के विपिन द्वितीय व बुद्ध पीजी कॉलेज, कुशीनगर के अनमोल चौहान तृतीय रहे। महिलाओं की 100 मी. बाधा दौड़ में बुद्ध पीजी कॉलेज, कुशीनगर की श्वेता वर्मा प्रथम, रामजी सहाय पीजी कॉलेज, रुद्रपुर की निशा मौर्य द्वितीय, राजकीय डिग्री कॉलेज, इंदूपुर, गौरीबाजार की खुशबू कुमारी तृतीय रहीं।
छात्रों के 400 मी. दौड़ में गुरुकुल पीजी कॉलेज, ददरी के गुरुमीत सिंह प्रथम रहे। बीवाईएम पीजी कॉलेज के आशुतोष त्रिपाठी व राकेश पटेल क्रमश: द्वितीय व तृतीय रहे। छात्राओं की 400 मी. दौड़ में बहादुर यादव मेमोरियल पीजी कॉलेज, भटनी की पूनम यादव प्रथम रहीं। डीडीयू की रिया सिंह व श्रेया सिंह क्रमश: द्वितीय व तृतीय रहीं। छात्रों के 1500 मीटर दौड़ में बहादुर यादव मेमोरियल पीजी कॉलेज, भटनी के दिनेश प्रथम, कल्पनाथ राय पीजी कॉलेज, देवरिया के संदीप कुमार द्वितीय व राम रहस्य डिग्री कॉलेज, चौरीचौरा के आदित्य तृतीय रहे।
...
ऊंची कूद में रोहन व निशा ने मारी बाजी
छात्रों की ऊंची कूद में गोरखपुर विश्वविद्यालय के रोहन पासवान प्रथम, मदन मोहन मालवीय डिग्री कॉलेज, भाटपाररानी के संदीप प्रसाद द्वितीय व बीवाईएम कॉलेज, भटनी के अभिजीत सिंह तृतीय रहे। छात्राओं की ऊंची कूद में रामजी सहाय पीजी कॉलेज, रुद्रपुर देवरिया की निशा मौर्या प्रथम, बुद्ध डिग्री कॉलेज गीडा की आकांक्षा श्रीवास्तव द्वितीय व भगवान दास शकुंतला देवी महाविद्यालय चौरीचौरा की अंकिता पाल तृतीय रहीं। ट्रिपल जंप में छात्रों में बीवाईएम कॉलेज भटनी के अभिजीत सिंह प्रथम, डीडीयू के सूरज कुशवाहा द्वितीय व बुद्ध पीजी कॉलेज, कुशीनगर के अजीत चौहान तृतीय रहे। ट्रिपल जंप छात्राओं में डीडीयू की प्रीति चौरसिया प्रथम व अंजू यादव तृतीय रहीं। बुद्ध पीजी कॉलेज, कुशीनगर की श्वेता वर्मा द्वितीय रहीं।
...
भाला प्रक्षेपण में अमित व बिंदु अव्वल
भाला प्रक्षेपण में बीवाईएम पीजी कॉलेज, भटनी के अमित कुमार यादव प्रथम व सत्यम राय द्वितीय रहे। बापू पीजी कॉलेज, पीपीगंज के अमित कुमार तृतीय रहे। महिलाओं के भाला फेंक में बुद्व पीजी कॉलेज, कुशीनगर की बिंदु गुप्ता प्रथम, दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज, गोरखपुर की क्षमा सिंह द्वितीय व भगवान दास स्मारक डिग्री कॉलेज चौरीचौरा की शिवानी मौर्या तृतीय रहीं।
डिस्कस थ्रो में छात्रों में बीवाईएम कॉलेज, भटनी के रुद्र नारायण पांडेय प्रथम व सत्यम राय तृतीय रहे। कल्पनाथ राय डिग्री कॉलेज देवरिया के अभय यादव द्वितीय रहे। डिस्कस थ्रो छात्राओं में बुद्ध पीजी कॉलेज कुशीनगर की बिंदु गुप्ता प्रथम, डीडीयू की सुष्मिता त्रिपाठी द्वितीय और राजकीय डिग्री कॉलेज, इंदूपुर गौरीबाजार की रिंकी गुप्ता तृतीय रहीं।
...
आज हैं ये प्रतियोगिताएं
हाफ़ मैराथन (पुरुष व महिला), हैमर थ्रो (पुरुष व महिला), 400 मीटर बाधा दौड़ हीट और फाइनल (पुरुष व महिला), 3000 मीटर स्टीपल चेज (पुरुष व महिला), 100 मीटर दौड़ (पुरुष व महिला), 4 गुणा 100 मीटर रिले (पुरुष व महिला), 4 गुणा 400 मीटर रिले (पुरुष व महिला)।