पीपीगंज क्षेत्र में स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में रविवार देर रात भोजन की गुणवत्ता पर छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते-देखते हंगामे में बदल गया। इससे विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। बाद में विद्यालय प्रशासन ने अनुशासनहीनता के आरोप में कार्रवाई करते हुए करीब 50 छात्रों को एक सप्ताह के लिए उनके घर भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात भोजन के दौरान छात्रों ने मेस में परोसे गए खाने की गुणवत्ता पर आपत्ति जताई। छात्रों का आरोप था कि भोजन ठीक नहीं है। पहले भी इस संबंध में शिकायत की जा चुकी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी बात पर छात्रों और मेस इंचार्ज व वार्डन के बीच तीखी बहस हो गई। नाराज छात्रों ने भोजन करने से इन्कार कर दिया और हॉस्टल परिसर में एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
विद्यालय प्रशासन ने छात्रों को समझाने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित छात्र शांत होने को तैयार नहीं हुए। हंगामा बढ़ता देख पुलिस को सूचना दी गई। रात करीब दस बजे पुलिस के कैंपस में पहुंचते ही कुछ छात्र और उग्र हो गए। छात्रों ने नारेबाजी शुरू कर दी। आरोप है कि पुलिस की ओर ईंट-पत्थर भी फेंके गए, जिससे कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
छात्र किसी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद कैंपियरगंज के उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ पाठक विद्यालय पहुंचे। उन्होंने करीब आधे घंटे तक छात्रों से संवाद किया, उनकी शिकायतों को सुना और भोजन व्यवस्था में सुधार का भरोसा दिलाया।
प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद छात्रों का आक्रोश शांत हुआ और रात करीब 11 बजे स्थिति सामान्य हो सकी। इसके बाद छात्रों ने भोजन किया। घटना के संबंध में विद्यालय प्रशासन ने अनुशासनहीनता के आरोप में करीब 50 छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की है।
हंगामे में शामिल छात्रों की पहचान कर ली गई है। उनके अभिभावकों को सूचना देकर छात्रों को एक सप्ताह के लिए घर भेजा जा रहा है: संजीव सक्सेना, प्रधानाचार्य