जान से मारने की धमकी भी दी, गुलरिहा पुलिस ने केस दर्ज कर की कार्रवाई, जेल भेजा गया
अमर उजाला ब्यूरो
गुलरिहा (गोरखपुर)। इलाके में 10वीं की छात्रा से छेड़खानी का विरोध करने पर थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने छात्रा को रास्ते में रोक लिया और छेड़खानी करने लगा। छात्रा की ओर से इसका विरोध करने पर आरोपी गाली देते हुए थप्पड़ मारने लगा। जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज गया।
जानकारी के मुताबिक, इलाके के एक गांव की 15 वर्षीय छात्रा का आरोप है कि शुक्रवार की सुबह स्कूल जाते समय पड़ोस का रहने वाला युवक छेड़खानी करने लगा। विरोध करने पर गाली दी और जान से मारने की धमकी देते हुए थप्पड़ मारने लगा। आरोप है कि वह आए दिन रास्ते में रोककर छात्रा से बातचीत की कोशिश करता था। छात्रा ने इसकी जानकारी घरवालों को दी थी। मामला पड़ोस का होने की वजह से पहले तो घरवालों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन उसकी हरकतों से परेशान होकर शुक्रवार को थाने में शिकायत की गई। मां की तहरीर पर गुलरिहा पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।