विधान परिषद के समीक्षा अधिकारी की परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों ने गोरखपुर जिले में भटहट क्षेत्र के एक सेंटर गुलाबी देवी इंटर कॉलेज में जमकर हंगामा किया। तय समय से 20 मिनट बाद प्रश्नपत्र वितरित करने पर अभ्यर्थी नाराज हो गए और पर्चा लीक होने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। इसकी सूचना पाकर जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पांडियन व एसएसपी जोगेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी ने मोबाइल फोन से तत्काल विधान परिषद के प्रमुख सचिव से बात की। इसके बाद जिलाधिकारी ने गुलाबी देवी इंटर कॉलेज परिसर में कराई गई परीक्षा को निरस्त घोषित कर दिया।
विज्ञापन
भटहट के इस्माइलपुर स्थित गुलाबी देवी इंटर कालेज में रविवार सुबह नौ बजे से विधान परिषद के समीक्षा अधिकारी पद की परीक्षा होनी थी। केंद्र पर 12 कमरों में होने वाली परीक्षा में 480 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। परीक्षा करा रही संस्था की लापरवाही से सेंटर पर कॉपी व पेपर देरी से पहुंचा। इस वजह से करीब 50 अभ्यर्थियों को सुबह 9.20 बजे से प्रश्नपत्र मिला। इसके बाद अभ्यर्थियों ने पेपर लीक होने का आरोप लगाते हुए कॉलेज के गेट पर पहुंचकर हंगामा कर दिया।
गुलरिहा थानेदार रवि राय ने अभ्यर्थियों को समझाने का प्रयास किया तो कुछ अभ्यर्थी मान गए, मगर तीन छात्राओं समेत 12 अभ्यर्थी अड़े रहे। वे पुलिस से भी उलझ गए और प्रशासन के आला अफसरों को बुलाने की मांग करने लगे। जब डीएम और एसएसपी पहुंचे तो उन्होंने पूरा मामला बताया।
विज्ञापन
13 केंद्रों की परीक्षा मान्य
अफसरों को देख बाकी अभ्यर्थी भी कक्ष से बाहर आ गए। इसके बाद डीएम ने विधान परिषद के प्रमुख सचिव से फोन पर बात कर जानकारी दी। जिसके बाद केंद्र की परीक्षा निरस्त कर दी गई। जिलाधिकारी के मुताबिक संबंधित केंद्र के अभ्यर्थियों की परीक्षा दोबारा कराई जाएगी। जिस प्राइवेट एजेंसी को परीक्षा कराने की जिम्मेदारी मिली थी, उसने मनमानी की है।
परीक्षा केंद्र इतनी दूर बनाने की जानकारी तक नहीं दी गई। इस केंद्र तक पहुंचना मुश्किल रहता है। परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए मजिस्ट्रेट की मांग भी नहीं की गई थी, वर्ना गड़बड़ी नहीं होती। उधर, देर से प्रश्नपत्र बांटने के मामले में डीएम ने केंद्र प्रभारी की भूमिका संदिग्ध बताते हुए मामले की जांच कराकर कार्रवाई के लिए प्रमुख सचिव से अनुरोध किया है।
समीक्षा अधिकारी की परीक्षा जिले के 14 केंद्रों पर कराई जानी थी। इसमें से गुलाबी देवी इंटर कॉलेज पर विवाद हो गया। लिहाजा, संबंधित सेंटर की परीक्षा निरस्त कर दी गई है। हालांकि 13 केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न कराए जाने की जानकारी मिली है। जिलाधिकारी का कहना है कि सिर्फ एक केंद्र की ही परीक्षा निरस्त हुई है। 13 केंद्रों पर परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए अभी तक कोई दिशा-निर्देश नहीं मिले हैं।
ब्लैक लिस्ट किया जा चुका है परीक्षा केंद्र
जिलाधिकारी ने बताया कि भटहट के इस्माइलपुर स्थित गुलाबी देवी इंटर कॉलेज में जहां हंगामा हुआ वह सेंटर दागी है। सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर विवादों में रहा है। इसे ब्लैक लिस्ट किया जा चुका है। परीक्षा निजी एजेंसी करा रही थी। अगर प्रशासन को केंद्रों की जानकारी दी गई होती तो इसे केंद्र नहीं बनने दिया जाता। इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। इसे कैसे केंद्र बनाया गया इसकी भी जांच कराई जाएगी।
जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि परीक्षार्थियों के हंगामे के बाद विधान परिषद सचिवालय के विभिन्न पदों के लिए रविवार को आयोजित गुलाबी देवी इंटर कॉलेज की परीक्षा को निरस्त कर दिया गया है। इस केंद्र पर आधे घंटे देर से प्रश्नपत्र बंटने के बाद परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे थे। अभ्यर्थी पेपर लीक होने का आरोप लगा रहे थे। जहां हंगामा हुआ, वह सेंटर पहले से ही दागी है। विधान परिषद के प्रमुख सचिव से फोन पर बात कर मामले की जानकारी दी गई। प्रमुख सचिव ने ही एक केंद्र की परीक्षा निरस्त करने की घोषणा की। पूरे मामले की जांच कराने के लिए प्रमुख सचिव से अपील की गई है।
रेलवे क्रासिंग बंद होने की वजह से प्रश्न पत्र पहुंचाने में हुई देरी: पर्यवेक्षक
परीक्षा एजेंसी के गोरखपुर के पर्यवेक्षक अमर जायसवाल ने जिला प्रशासन को दिए अपने बयान में कहा कि लखनऊ से गोरखपुर आते समय रेल क्रासिंग बंद होने की वजह से परीक्षा केन्द्र पहुंचने में देरी हो गई। अमर जायसवाल ने अपने बयान में कहा कि मानीराम और नकहा जंगल में रेल क्रासिंग बंद थी जिसकी वजह से 40 मिनट व्यर्थ चला गया। इसी देरी की वजह से केन्द्र पर 8.30 बजे प्रश्न पत्र पहुंचा। वहीं परीक्षा सेल के कोआर्डिनेटर नितिन जोशी ने प्रश्न पत्र के 8.20 बजे परीक्षा केन्द्र पर पहुंचने की बात कही है।
सभी जिम्मेदारों से दर्ज कराया बयान
गुलाबी देवी इंटर कालेज, बरगदही भटहट परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थियों द्वारा हंगामा किए जाने के मामले में परीक्षा से जुड़े सभी जिम्मेदारों का एडीएम सिटी कार्यालय में बयान दर्ज किया गया। बयान दर्ज कराने वालों में परीक्षा सेल के कोआर्डिनेटर नितिन जोशी, परीक्षा पर्यवेक्षक अमर जायसवाल और विद्यालय के प्रधानाचार्य मिश्र शामिल हैं।