शाहपुर इलाके में असुरन पुलिस चौकी के सामने शनिवार शाम पॉलिटेक्निक की छात्रा से छेड़खानी और मोबाइल छीनने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एकतरफा प्रेम में परेशान करने वाले युवक ने छात्रा के साथ अभद्रता की और उसका मोबाइल छीन लिया। छात्रा के शोर मचाने पर जुटी भीड़ को देखकर आरोपी मोबाइल फेंककर भाग निकला। पीड़िता ने परिजनों के साथ पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन घटना के 24 घंटे बाद भी प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई।
एकतरफा प्रेम में पहले भी परेशान करता था युवक
जानकारी के मुताबिक, हरपुर बुदहट क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली छात्रा असुरन स्थित एक छात्रावास में रहकर पॉलिटेक्निक की पढ़ाई करती है। आरोप है कि उसके गांव का ही एक युवक एकतरफा प्रेम में उसे परेशान करता था और रास्ते में आते-जाते छेड़खानी करता था। इससे परेशान होकर छात्रा ने परिजनों को इसकी जानकारी दी थी। परिजनों की शिकायत पर तीन जून को हरपुर बुदहट थाने में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।