कुईं बाजार। सिकरीगंज थाना क्षेत्र के हरदत्तपुर पेट्रोल पंप के पास रविवार को सड़क हादसे में साइकिल सवार छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक और साइकिल की आमने-सामने की टक्कर में घायल छात्र को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, सिकरीगंज क्षेत्र के सतोरा गांव निवासी 16 वर्षीय रोहित भूमिधर इंटर कॉलेज सिकरीगंज में 11वीं का छात्र है। वह बाल कटवाने के लिए साइकिल से कुईं बाजार जा रहा था। जैसे ही वह हरदत्तपुर पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, उरुवा की ओर से तेज रफ्तार आ रही बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी लेकिन उनके देर से पहुंचने पर परिजन और स्थानीय लोगों ने घायल छात्र को ऑटो रिक्शा से पीएचसी उरुवा पहुंचाया। वहां से उसे जिला अस्पताल और बाद में मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज जारी है। थानाध्यक्ष आशीष कुमार तिवारी ने बताया कि बाइक चालक बंशी गौड़, निवासी गंगवल, गोला क्षेत्र को बाइक सहित हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।