सेंट मेरी इंटर कॉलेज से छात्र का गया था डीबी इंटर कॉलेज में परीक्षा का सेंटर
स्टैंड में बाइक खड़ी करने पर हुआ झगड़ा, आरोपी गिरफ्तार
पादरी बाजार (गोरखपुर)। कोतवाली इलाके के बेनीगंज स्थित डीबी इंटर कॉलेज में बुधवार शाम यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट की परीक्षा के बाद मामूली बात पर हुई मारपीट में छात्र अंकुर सिंह (18) की हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी छात्र सत्यम गौड़ को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, कुशीनगर जिले के अहिरौली इलाके के सोमली पेमली गांव निवासी जनार्दन सिंह का बेटा अंकुर पादरी बाजार स्थित ईस्टर्नपुर में सेंट मेरी इंटर कॉलेज में इंटर का छात्र था। उसका सेंटर डीबी इंटर कॉलेज में गया था। बुधवार को दूसरी पाली में वह फिजिक्स की परीक्षा देने गया था। आरोप है कि परीक्षा खत्म होने के बाद स्टैंड में बाइक खड़ी करने की बात पर एम्स इलाके के छात्र सत्यम कुमार गौड़ से उसकी बहस हो गई।
इसी दौरान आरोपी सत्यम ने ईंट से अंकुर पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से अंकुर वहीं अचेत हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस परिजनों को सूचना देने के साथ छात्र को जिला अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन रात एक बजे के करीब लखनऊ लेकर पहुंचे जहां इलाज के दौरान छात्र की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव बृहस्पतिवार की देर शाम घर लाया गया।
अंकुर के बड़े भाई अमन सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी छात्र के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने घटना वाले दिन ही हत्या की कोशिश में प्राथमिकी दर्ज की थी। अंकुर की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा बढ़ा दी गई।
आरोपी छात्र सत्यम कुमार गौड़ को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
- अभिनव त्यागी, एसपी सिटी