गोरखपुर। ऑल इंडिया रूरल बार एसोसिएशन की अधिवक्ता सुरक्षा यात्रा बृहस्पतिवार दोपहर दीवानी कचहरी परिसर पहुंची। वकीलों ने गांधी प्रतिमा के सामने माल्यार्पण किया और अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम के समर्थन में नारेबाजी की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश शुक्ल और महासचिव अनिल कुमार तिवारी महेश के नेतृत्व में आयोजित सभा में वकीलों ने विधेयक में बुजुर्ग अधिवक्ता पेंशन, कैशलेस हेल्थ बीमा, युवा अधिवक्ताओं के लिए प्रोत्साहन भत्ता एवं लाइब्रेरी भत्ते जैसे प्रावधानों का समर्थन किया। संचालन रमेश चंद्र त्रिपाठी और अध्यक्षता पूर्व महामंत्री अजयानंद सिंह ने की।
कार्यक्रम में योगेश प्रताप सिंह, रूदल यादव सहित कई अधिवक्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया। एसोसिएशन ने संघर्ष में योगदान देने वाले वकीलों को सम्मान पत्र भी प्रदान किए। राष्ट्रीय संगठन मंत्री अधिवक्ता अनूप कुमार पांडेय ने यात्रा के समन्वय का कार्य संभाला। यात्रा ने वकीलों में उत्साह और एकजुटता का माहौल पैदा किया और केंद्र सरकार से विधेयक को संसद में पारित कराने की अपील की। ब्यूरो