- क्षेत्रीय अध्यक्ष बोले- भाजपा प्रत्याशी को वरीयता क्रमांक एक पर मतदान करने की करें अपील
- 12 अक्तूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिक्षक मतदाताओं से करेंगे संवाद : जनार्दन तिवारी
गोरखपुर। रानीडीहा स्थित भाजपा कार्यालय पर शुक्रवार को शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियों को लेकर जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी की अध्यक्षता में बैठक हुई। मुख्य अतिथि भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कार्यकर्ताओं से शिक्षक मतदाताओं से संपर्क कर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में वरीयता क्रमांक एक पर मतदान करने की अपील करने को कहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का गृह जनपद होने के नाते शिक्षक एमएलसी चुनाव में गोरखपुर के मतदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम ने चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक समन्वय, कार्यकर्ताओं की भूमिका और चुनावी रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के लिए आपसी तालमेल और प्रभावी जनसंपर्क पर जोर दिया। जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने कहा कि शिक्षक एमएलसी चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर प्रयास करना होगा। जिले के विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं से संपर्क की रणनीति बनाकर कार्यकर्ताओं के साथ जुटे हैं। विधानसभा, ब्लॉक और मतदान केंद्र स्तर पर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि 12 अक्तूबर को महंत दिग्विजयनाथ पार्क में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिक्षक मतदाताओं से संवाद करेंगे। उन्होंने अधिक से अधिक मतदाताओं को कार्यक्रम में शामिल कराने की अपील की। बैठक का संचालन जिला महामंत्री राजाराम कन्नौजिया ने किया।
इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं खजनी विधायक श्रीराम चौहान, अनुसूचित आयोग के उपाध्यक्ष बेचन राम, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, पूर्व विधायक संत प्रसाद, पूर्व जिलाध्यक्ष वंशबहादुर सिंह, डीसीएफ चेयरमैन गुलाब रघुवर सिंह, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य डॉ. आरडी सिंह, जिला उपाध्यक्ष एवं चुनाव के जिला संयोजक हरिकेश राम त्रिपाठी, पूर्वांचल विकास बोर्ड के सदस्य विजय शंकर यादव, केएम मझवार, अनिल कुमार, राम प्रवेश तिवारी, अमरनाथ पासवान और चंदन त्रिपाठी सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, नगर पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख उपस्थित रहे।