पिपराइच। रेलवे लाइन दोहरीकरण कार्य में उपयोग होने वाला करीब सात लाख रुपये मूल्य का लोहे का सामान आरपीएफ ने बरामद किया है। आरपीएफ की टीम ने समपार फाटक के पास से एक ऑटो रिक्शा सहित सामान को कब्जे में लिया, जबकि मुख्य आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, आरपीएफ सिपाही मनोज कुमार शनिवार सुबह समपार फाटक पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक ऑटो रिक्शा पर रेलवे का लोहे का सामान ले जाया जाता दिखाई दिया। शक के आधार पर पुलिस ने ऑटो को रोककर चालक रंजीत को हिरासत में लिया और पिपराइच रेलवे स्टेशन ले आई। इसी दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति दुर्गा प्रसाद को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। पुलिस उसकी भूमिका की जांच कर रही है।
रेल पथ निरीक्षक वाई बाबू और पुलिस के अनुसार ऑटो से स्पेशल बैरिंग प्लेट, जॉगल फिश प्लेट, 60 किलो रेल टुकड़े, नट-बोल्ट और अन्य रेलवे सामग्री बरामद हुई है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। वाहन सहित बरामद सामग्री को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित थाने पर भेज दिया गया है। थाना प्रभारी विवेक त्रिवेदी ने बताया कि मुख्य आरोपी सहित अन्य लोगों की तलाश की जा रही है और मामले में संगठित गिरोह की भूमिका की भी जांच की जा रही है।