गुलरिहा (गोरखपुर)। बीआरडी मेडिकल काॅलेज में अपने दादा का इलाज करा रही युवती का मोबाइल फोन शनिवार की रात वार्ड से चोरी हो गया। पीड़िता ने इसकी शिकायत बीआरडी पुलिस चौकी पर की। तभी से चोरी करने वाला युवती की फेसबुक आईडी से प्राइवेसी हटाकर अलग-अलग फोटो अपलोड कर फेसबुक फ्रेंड्स को मैसेंजर से मैसेज भेज रहा है।
जानकारी के मुताबिक, पीपीगंज थाना क्षेत्र के थवईपार की रहने वाली एक युवती बीए की छात्रा है। वह बीआरडी मेडिकल काॅलेज के नेहरू चिकित्सालय के वार्ड नंबर-17 में भर्ती अपने दादा की देखभाल कर रही थी। 23 सितंबर की रात तीन बजे के करीब वार्ड से युवती सहित तीन अन्य लोगों के मोबाइल फोन चोरी हो गए।
अगले दिन युवती ने मेडिकल चौकी पुलिस को मोबाइल फोन चोरी की लिखित तहरीर दी थी। दोबारा शुक्रवार को युवती मेडिकल चौकी पर पहुंचकर रोने लगी। युवती का कहना है कि उसरी फेसबुक आईडी से बार-बार फोटो अपलोड किया जा रहा है। युवती ने शुक्रवार की सुबह अपने चाचा के मोबाइल फोन से मैसेंजर पर मैसेज किया तो आरोपी ने चाचा की आईडी ब्लॉक कर दी। इसके बाद फेसबुक फ्रेंड्स को मैसेंजर पर मैसेज भेज रहा है। इससे युवती मानसिक रूप परेशान है।