गोरखपुर। फर्जी दस्तावेज और नियुक्ति प्रपत्र पर नौकरी कर रहे बेसिक शिक्षकों की एसटीएफ की ओर से की जा रही जांच में सहयोग नहीं करने पर गोरखपुर और बस्ती मंडल के छह जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों को स्कूल शिक्षा महानिदेशक विजय किरण आनंद ने नोटिस जारी की है।
नोटिस में स्कूल शिक्षा महानिदेशक ने एक सप्ताह के भीतर सभी चिह्नित शिक्षकों के दस्तावेज और नियुक्ति प्रपत्र की सत्यापित कापी विशेष संदेशवाहक के साथ गोपनीय तरीके से लखनऊ स्थित एसटीएफ अधीक्षक कार्यालय में पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने गोरखपुर-बस्ती मंडल के छह जिलों की परिषदीय स्कूलों के 132 शिक्षकों के शैक्षिक अभिलेख मांगे थे। इनमें सर्वाधिक 92 शिक्षक सिर्फ देवरिया जिले के हैं, जबकि सिद्धार्थनगर का कोई शिक्षक शामिल नहीं है। पिछले दिनों एसटीएफ के जानकारी मांगने पर कई जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों ने अपठनीय दस्तावेज भेज दिया था। एसटीएफ की शिकायत पर स्कूल शिक्षा महानिदेशक ने बीएसए को नोटिस जारी कर दस्तावेज उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए हैं।