गोरखपुर जिले में खोराबार ब्लॉक के तालकंद्रा में जिले का अत्याधुनिक पुलिस ट्रेनिंग स्कूल बनने जा रहा है। 27 एकड़ में बनने वाले ट्रेनिंग स्कूल में आवासीय एवं अनावासीय भवनों का निर्माण कराया जाएगा। इसके निर्माण पर 224.66 करोड़ की लागत आएगी। लोक निर्माण विभाग ने डीपीआर बनाकर भेज दिया है। लखनऊ स्थित मुख्यालय पर डीपीआर का परीक्षण किया जा रहा है। परीक्षण के बाद उसे शासन को भेजा जाएगा। वहां से मुहर लगने के बाद टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
गोरखपुर जिले में पुलिस विभाग के पास बेहतर ट्रेनिंग स्कूल नहीं होने की जानकारी मुख्यमंत्री को दी गई तो उन्होंने इसका प्रस्ताव भेजने को कहा था। प्रशासन ने सबसे पहले इसके लिए जमीन की तलाश की। काफी तलाश के बाद पुलिस ट्रेनिंग स्कूल के लिए खोराबार ब्लॉक के तालकंद्रा में 27 एकड़ जमीन की व्यवस्था प्रशासन की तरफ से की गई।
जमीन मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग के भवन डिवीजन ने ट्रेनिंग स्कूल के लिए आवासीय अनावासीय भवनों की जरूरत के अनुसार डीपीआर बनाकर शासन को भेज दी है। वहां से स्वीकृति के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
चार तरह के आवासीय भवनों का होगा निर्माण
ट्रेनिंग स्कूल में चार तरह के भवनों रेजीडेंसियल टाइप ए , रेजीडेंसियल टाइप बी, रेजीडेंसियल टाइप 4 रेजीडेंसियल टाइप 5 का निर्माण कराया जाएगा। रेजीडेंसियल ए में जी प्लस 4 फ्लोर का एक ब्लाक बनाया जाएगा। रेजीडेंसियल बी में जी प्लस 8 फ्लोर का 2 ब्लाक बनाया जाएगा। टाइप फोर में जी प्लस 2 फ्लोर बनेगा। इसके अलावा रेजीडेंसियल में ग्राउंड फ्लोर का दो भवन बनाया जाएगा।
इसी तरह अनावासीय भवनों में प्रशासनिक भवन जी प्लस 1 मंजिला होगा। शिक्षण ब्लाक के साथ लाइब्रेरी और कंप्यूटर रूम ग्राउंड फ्लोर प्लस होगा। विशेष अतिथि भवन जी प्लस 2 मंजिला, अतिथि भवन जी प्लस दो मंजिला, प्रेक्षगृह जी प्लस एक मंजिला, छात्रावास जी प्लस 3 मंजिला, बैरेक जी प्लस 3 मंजिला, ग्राउंड फ्लोर पर होगा एक मिनी सुपर मार्केट का निर्माण कराया जाएगा।
निर्माण खंड भवन अधिशासी अभियंता अनिल कुमार ने कहा कि तालकंद्रा में 27 एकड़ में पुलिस ट्रेनिंग स्कूल के लिए आवासीय एवं अनावासीय भवनों का निर्माण कराया जाएगा। लोक निर्माण विभाग की तरफ से डीपीआर बनाकर शासन को भेज दी गई है। फाइल मुख्यालय में परीक्षण के लिए पड़ी है। परीक्षण के बाद शासन से स्वीकृति मिलते ही टेंडर कर निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।